उत्तराखंड

धुमाकोट में ‘अफसर बिटिया’ कार्यक्रम आयोजित, बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित

धुमाकोट/पौड़ी गढ़वाल। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, धुमाकोट में ‘अफसर बिटिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं करियर के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा विभाग से डॉ. मीनाक्षी ने बालिकाओं को स्वास्थ्य के महत्व के साथ-साथ विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। वहीं पुलिस विभाग से हेमराज सिंह ने बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मविश्वास एवं आत्मरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।

बाल विकास परियोजना अधिकारी संगीता तोमर ने बालिकाओं को शिक्षा एवं करियर निर्माण के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही सुपरवाइजर अंबिका चौधरी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बालिकाओं को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत ‘मेरे सपनों की उड़ान’ विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान देकर पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर शिक्षा विभाग से सुनीता बलूनी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *