हरिद्वार

हरिद्वार में प्राथमिक शिक्षक संघ की अहम बैठक, शिक्षकों की समस्याओं पर हुआ मंथन

हरिद्वार। शिक्षक भवन हरिद्वार में उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन (उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हरिद्वार) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद भर से आए शिक्षक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिला कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नव मनोनीत पदाधिकारियों को सम्मानित कर शपथ भी दिलाई गई।

बोंगला स्थित संगठन के शिक्षक भवन में आयोजित इस बैठक में कोटिकरण (सुगम/दुर्गम), विद्यालय विकास अनुदान की 50 प्रतिशत धनराशि की उपलब्धता, जूनियर स्तर पर पदोन्नति, एकल विद्यालयों में समायोजन तथा सीआरपी को उनके कार्यक्षेत्र में बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। शिक्षक नेताओं ने समय पर अनुदान जारी न होने पर नाराजगी जताते हुए सभी कार्यों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार संचालित करने की मांग उठाई।

बैठक में एक प्राथमिक शिक्षिका को बिना पक्ष सुने निलंबित किए जाने की घटना पर भी रोष व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि शिक्षक निर्दोष सिद्ध होता है तो उसके सम्मान की पुनर्स्थापना सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही विभिन्न शैक्षिक ऐप—संपर्क, आईजीएटी, टीचर ऐप, स्विफ्ट चैट एवं प्रगति—पर अत्यधिक समय व्यतीत होने से शिक्षण कार्य प्रभावित होने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

इसके अलावा विभिन्न ब्लॉकों में मिड-डे मील के तहत चावल वितरण को संतुलित और आवश्यकता आधारित बनाने, कोरोना काल में अर्जित अवकाशों को सेवा पुस्तिका में दर्ज कराने तथा जिला स्तर से प्रतिहस्ताक्षरित कराने पर भी सहमति बनी। जिला कार्यकारिणी ने ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों एवं विद्यालयों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु नियमित सुनवाई व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

संगठन के जिलाध्यक्ष अश्वनी चौहान, जिला मंत्री हेमेन्द्र चौहान एवं कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से 16 अप्रैल को प्रस्तावित पुरानी पेंशन बहाली रैली में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया। साथ ही संगठन के निर्देशों के पूर्ण अनुपालन, समय-सारिणी में एकरूपता तथा सत्रांत लाभ से जुड़े अनुचित नियमों के निरस्तीकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को पत्र जारी करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संरक्षक अशोक कुमार चौहान, लक्सर ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण कुमार, मंत्री कुलदीप, रुड़की ब्लॉक अध्यक्ष मनमोहन शर्मा, मंत्री पंकज विश्नोई, कोषाध्यक्ष रेणु रानी, बहादराबाद ब्लॉक मंत्री राकेश पंवार, खानपुर ब्लॉक अध्यक्ष केहर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष अनिल चमोली सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने एकजुट होकर शिक्षकों के अधिकारों और शैक्षिक हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्षरत रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *