पौड़ी

पौड़ी में एलपीजी आपूर्ति पर सख्ती, 37 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को जनपद में कुल 37 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें श्रीनगर क्षेत्र में 2 गैस गोदाम, कोटद्वार में 2 गैस गोदाम व 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठान, पौड़ी में 1 गैस गोदाम, चाकीसैंण में 1 पेटी डीजल डीलर, सतपुली में 10 प्रतिष्ठान तथा नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्र में 1 गैस गोदाम व 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण शामिल है।

निरीक्षण के दौरान गैस एजेंसी संचालकों को स्टॉक एवं वितरण से संबंधित अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *