पौड़ी

पौड़ी में जनता मिलन: 359 में से 338 शिकायतों का समाधान

पौड़ी गढ़वाल। सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित 17 शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जनता दर्शन कार्यक्रम में पूर्व में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक कुल 359 शिकायतों में से 338 का प्रभावी निस्तारण किया जा चुका है, जो 94 प्रतिशत से अधिक है। शेष 21 प्रकरण, जो मांग एवं नीतिगत विषयों से जुड़े हैं, उन्हें आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सप्ताह में एक बार विभागीय स्तर पर अनिवार्य रूप से समीक्षा कर शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याएं रखीं। विकासखण्ड कल्जीखाल के थापली की प्रधान इन्दु देवी ने लोवर थपली के 15 परिवारों को पर्याप्त पेयजल न मिलने की समस्या उठाई, जिस पर जल संस्थान को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विकासखण्ड पाबौ के ग्राम कोला की प्रधान बीना देवी ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान के समाधान हेतु घेरबाड़ की मांग रखी, जिस पर कृषि विभाग को निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

तहसील पौड़ी के सिमखेत निवासी सरोजनी देवी की भूमि कब्जा संबंधित शिकायत पर राजस्व विभाग को तत्काल जांच के निर्देश दिए गए। वहीं देवप्रयाग क्षेत्र में सहकारी समिति में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए। अपर चौपड़ा क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता की सूचना पर वन विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा, पूर्व में दर्ज कई शिकायतों का समाधान भी सुनिश्चित किया गया। खीर्सू क्षेत्र में मनरेगा भुगतान, भैस्वाड़ा तोक में पेयजल आपूर्ति तथा पीएमजीएसवाई मार्ग पर जल निकासी से संबंधित समस्याओं का प्रभावी निस्तारण किया गया।

जनता मिलन कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना, पुलिस उपाधीक्षक तुषार बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *