ऋषिकेश

मुनिकीरेती में राज्य मंत्री गिरीश डोभाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान समारोह, मधुमक्खी पालन को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर

मुनिकीरेती। देवभूमि मां गंगा स्वयंसेवी संस्था के तत्वावधान में मुनिकीरेती क्षेत्र में उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री गिरीश डोभाल के एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष में भव्य सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री गिरीश डोभाल, कार्यक्रम अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य (पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मुनिकीरेती) एवं महंत रवि शास्त्री द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. आदित्य शर्मा ने मधुमक्खियों की विभिन्न प्रजातियों, शहद उत्पादन की प्रक्रिया, शहद के मूल्य तथा पारिस्थितिक तंत्र में मधुमक्खियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं प्रेस क्लब मुनिकीरेती के अध्यक्ष सूर्य चंद्र सिंह चौहान ने शहद के स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डालते हुए इसके नियमित उपयोग को लाभकारी बताया।

कार्यक्रम अध्यक्ष महंत मनोज प्रपन्नाचार्य ने राज्य मंत्री गिरीश डोभाल के एक वर्ष के कार्यकाल की सराहना करते हुए विशेष रूप से मौन पालन (मधुमक्खी पालन) के क्षेत्र में उनके प्रयासों को सराहनीय बताया।

इस अवसर पर राज्य मंत्री गिरीश डोभाल ने कहा कि सरकार द्वारा मौन पालन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और उत्तराखंड में मधुमक्खी पालन को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं की सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका की प्रशंसा करते हुए देवभूमि मां गंगा संस्था के कार्यों को सराहा।

कार्यक्रम के अंत में संस्था की संस्थापक रीना उनियाल, योगेश उनियाल एवं अमिता उनियाल ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एडवोकेट रमावल्लभ भट्ट, डॉ. मनोज रांगड़, गोपाल चौहान, श्रीमती दीपा भट्ट, रामचंद्र राजभर, रजत राजभर, सुषमा मलिक, श्रीमती पूजा चौहान, कनक बर्थवाल, सोनिया, रौशनी रतूड़ी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *