पेड़ से गिरकर महिला गंभीर घायल, हेली सेवा से एम्स ऋषिकेश रेफर
पौड़ी गढ़वाल। जनपद के सतपुली तहसील अंतर्गत मलेठी गांव में चारापत्ती काटने के दौरान एक महिला पेड़ से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को त्वरित कार्रवाई करते हुए हेली सेवा के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला के अनुसार, मलेठी गांव निवासी शर्मिला देवी (40 वर्ष) पेड़ पर चढ़कर चारा काट रही थीं, तभी अचानक करीब 10 फीट की ऊंचाई से गिर गईं। इस हादसे में उनकी कमर में गंभीर चोटें आईं।
परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल हंस फाउंडेशन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उच्च केंद्र रेफर करने का निर्णय लिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत हेली सेवा के लिए संपर्क किया गया। आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला के समन्वय और सक्रिय प्रयासों से शीघ्र हेली सेवा उपलब्ध कराई गई। शासन के निर्देश पर हेलीकॉप्टर समय पर अस्पताल पहुंचा और घायल महिला को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समय पर मिली चिकित्सा सहायता से मरीज को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सका।
