ऋषिकेश-नीलकंठ मार्ग पर अवैध पार्किंग से जाम, स्थानीय लोग परेशान
यमकेश्वर/पौड़ी गढ़वाल। ऋषिकेश-नीलकंठ गैण्डखाल मोटरमार्ग पर बिजनी तक सड़क किनारे, हेंवल नदी किनारे तथा सड़क के ऊपर-नीचे बने होटल एवं रिसॉर्ट की सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। विभिन्न राज्यों—उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत अन्य प्रदेशों से आने वाले पर्यटकों के वाहन सड़क किनारे खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्था के चलते उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से सप्ताहांत और यात्रा सीजन में जाम की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे आमजन का आवागमन बाधित होता है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार कई पर्यटक लापरवाही से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। संकरी सड़क पर अवैध पार्किंग इस समस्या को और बढ़ा रही है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे हो रही अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। साथ ही क्षेत्र में यातायात पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि जाम की स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।
लोगों का कहना है कि आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और विकट हो सकती है।
