पौड़ी

एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण—सभी व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय टीमों ने जिलेभर में गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की।

अभियान के तहत कुल 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 6 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 18 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान टीमों ने एलपीजी वितरण प्रणाली, स्टॉक रजिस्टर तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सेवाओं की बारीकी से जांच की।

कोटद्वार क्षेत्र में 2 गैस गोदामों और 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जबकि पौड़ी में 2 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया। श्रीनगर एवं थलीसैंण में एक-एक गैस गोदाम का जायजा लिया गया। वहीं नौगांवखाल में एक पेट्रोल पंप सहित 8 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच कर व्यवस्थाओं को परखा गया।

निरीक्षण के दौरान सभी स्थानों पर निर्धारित मानकों एवं नियमों के अनुरूप कार्य संचालन पाया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एलपीजी आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं को समय पर और सही मात्रा में गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *