पोखड़ा में गुलदार की सक्रियता के बाद वन विभाग अलर्ट, सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम
पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड पोखड़ा के ग्राम भटकोट में गुलदार की बढ़ती सक्रियता के बीच हाल ही में हुई एक दुखद घटना के बाद प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ आवश्यक कार्रवाई की। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को नियमानुसार हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
वन विभाग द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। घटनास्थल के आसपास 10 कैमरा ट्रैप, 2 सोलर सीसीटीवी कैमरे और 2 पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही, वन्यजीव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए जा रहे हैं।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार निगरानी के लिए 15-15 सदस्यीय दो विशेष टीमें गठित कर गश्त बढ़ा दी गई है। इसके अतिरिक्त गुलदार को पकड़ने या ट्रेंकुलाइज करने के लिए उच्चाधिकारियों को अनुमति हेतु प्रस्ताव भी भेजा गया है।
वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे विशेष रूप से शाम के समय सतर्क रहें, अकेले बाहर न निकलें तथा बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
