देवदार के घने वनों के बीच बसे ताड़केश्वर मंदिर में आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम
पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के रिखणीखाल ब्लॉक में शांत एवं सुरम्य पर्वतीय अंचल में स्थित ताड़केश्वर मंदिर एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए है। देवदार के घने वनों के मध्य स्थित यह प्राचीन मंदिर अपनी आध्यात्मिक आभा और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विख्यात है।
भगवान शिव को समर्पित इस मंदिर में वर्षभर श्रद्धालुओं का आगमन लगा रहता है। विशेष रूप से सावन माह और महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां भव्य पूजन-अर्चन और धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है, जिसमें दूर-दराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

ताड़केश्वर मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि यह स्थल प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां की शांति, हरियाली और आध्यात्मिक ऊर्जा लोगों को सुकून का अनुभव कराती है।
स्थानीय स्तर पर भी इस धार्मिक स्थल का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
