अंकिता हत्याकांड: सदन में ‘VIP’ पर झूठ बोलने का आरोप, 29 मार्च को विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का घेराव करेगा संघर्ष मंच
देहरादून। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच की सदस्य कमला पंत ने ऋषिकेश से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में मंत्री रहते हुए उन्होंने सदन में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कहा था कि इसमें वीआईपी “कमरा” है, जबकि वर्ष 2026 में सीबीआई द्वारा दर्ज मुकदमे में “वीआईपी व्यक्ति” होने की बात कही गई है।

कमला पंत ने आरोप लगाया कि इससे स्पष्ट होता है कि तीन वर्ष पहले प्रेमचंद अग्रवाल ने सदन में गलत जानकारी देकर वीआईपी आरोपियों को बचाने का प्रयास किया। उन्होंने मांग की कि विधायक को इस बयान पर उत्तराखंड की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
मंच ने घोषणा की है कि 29 मार्च को ऋषिकेश में प्रेमचंद अग्रवाल के आवास का घेराव किया जाएगा।
मंच ने यह भी आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सामने आए कथित वीआईपी नाम दुष्यंत गौतम के वकील गौरव भाटिया को उत्तराखंड सरकार द्वारा सर्वोच्च न्यायालय में राज्य का वरिष्ठ अतिरिक्त महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है। मंच का कहना है कि इससे यह संकेत मिलता है कि सरकार इस मामले में न्याय को लेकर गंभीर नहीं है।
