पौड़ी

अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव से लौटे छात्रों का कोटद्वार महाविद्यालय में भव्य स्वागत

प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी ने प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित, योग को बताया जीवन जीने की श्रेष्ठ कला

कोटद्वार। योग नगरी ऋषिकेश में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव-2026 से लौटे 18 छात्रों का राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी. एस. नेगी ने विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. नेगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं प्राणिक विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता से विद्यार्थियों को नई सीख मिलती है, जिसे अपने दैनिक जीवन में अपनाकर वे स्वयं के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकते हैं।

योग प्रशिक्षक डॉ. अनुपम कोठारी ने जानकारी दी कि 7 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास किया। साथ ही “रन फॉर योगा” और विभिन्न देशों से आए प्रतिभागियों के साथ बीटल आश्रम तक आयोजित हेरिटेज वॉक में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. हीरा सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक श्रेष्ठ कला है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के डॉ. संदीप किमोठी, आयुषी शर्मा, ज्योति, निकिता, पारस पंत, मंजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *