जल अर्पण दिवस पर हथनूड़ ढांगू में जनसमागम, पेयजल समस्याओं पर विधायक ने दिए जांच के निर्देश
द्वारीखाल/पौड़ी। विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में द्वारीखाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत हथनूड़ ढांगू में ‘जल अर्पण दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रेनू बिष्ट रहीं, जबकि अति विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप सिंह (आईएएस), निदेशक जल जीवन मिशन भारत सरकार एवं विशिष्ट अतिथि रोहित मीणा (आईएएस), मिशन निदेशक राज्य जल एवं स्वच्छता मिशन उत्तराखंड उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता उत्तराखंड जल संस्थान कोटद्वार, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान पौड़ी गढ़वाल तथा जल निगम एवं पेयजल विभाग के अधिकारियों ने जल जीवन मिशन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर मैठाणा, पोगठा, तैड़ी, किनसुर, बागी, कोठार, उमन, क्यार, कौंदा, गूम सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रेनू बिष्ट ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं। पूर्व सैनिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता बीरेंद्र सिंह रावत ने पोगठा एवं मैठाणा क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति में आ रही समस्याओं को उठाया। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन कार्य ठीक ढंग से नहीं हुआ है और स्थायी फीटर की नियुक्ति की जानी चाहिए, जिससे लाइन टूटने की स्थिति में समय पर जल आपूर्ति बहाल हो सके। साथ ही उन्होंने उपभोक्ताओं को समय पर बिल न मिलने, अधिक बिल आने और ऑनलाइन भुगतान में आ रही दिक्कतों का भी मुद्दा उठाया।
विधायक ने उक्त प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त बीरेंद्र सिंह रावत द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज किनसुर रोड के सामने यात्री शेड निर्माण तथा मोटर मार्ग से विद्यालय तक लगभग 100 मीटर सीसी मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। विधायक रेनू बिष्ट ने आश्वासन दिया कि बजट उपलब्ध होते ही इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा।
साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता प्रदान करने का अनुरोध भी किया गया, जिस पर विधायक ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में जल संरक्षण और जल के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया तथा जनभागीदारी के साथ इसे सफल बनाया गया।
