जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रमों की तैयारियां तेज, 23 से 25 मार्च तक जनपद में होंगे विविध आयोजन
पौड़ी। राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 23 से 25 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम आधारित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रमों का सफल और प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना भी है।
उन्होंने बताया कि 23 मार्च को जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने विकास खंडों में भी कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां एक ही स्थान पर आमजन को योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए अधिक से अधिक विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तीन दिवसीय कार्यक्रमों के दौरान जनपद में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों हेतु कैम्प और उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महिलाओं और बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा जनपद मुख्यालय पर मैराथन और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन और लोक कला की झलक देखने को मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन कार्यक्रमों में शामिल होकर योजनाओं का लाभ उठा सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
