बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत कन्या जन्मोत्सव आयोजित, बालिकाओं के सम्मान का दिया संदेश
पौड़ी। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखण्ड थलीसैंण के आंगनबाड़ी केंद्र बगेली में “कन्या जन्मोत्सव तथा बेटी से पहचान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान सीता देवी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों ने मांगल गीत एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। इस अवसर पर बालिका सान्वी का जन्मोत्सव केंद्र के बच्चों के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में चार बालिकाओं—अनन्या, अंकिता, आरती एवं रिया—को नाम पट्टिका भेंट कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से समाज में बालिकाओं के प्रति सम्मान और समानता का संदेश दिया गया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा और सशक्तिकरण के महत्व पर जोर दिया।
इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका सीमा, सुपरवाइजर सांबरी सहित आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चे एवं कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
