गैस आपूर्ति को लेकर अफवाहों से रहें दूर, जनपद में पर्याप्त स्टॉक: जिला पूर्ति अधिकारी
पौड़ी। जनपद में घरेलू गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने स्पष्ट किया है कि सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में एलपीजी उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने आमजन से किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशों के तहत जनपद में गैस आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है। उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि गैस बुकिंग के लिए ऑनलाइन माध्यम—कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टोल फ्री नंबर या एसएमएस का उपयोग करें। बुकिंग के बाद निर्धारित समयावधि में डोर-टू-डोर डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है, इसलिए अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।
उन्होंने खाद्य निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस आपूर्ति की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
🔍 निरीक्षण अभियान में 78 प्रतिष्ठानों की जांच
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जनपद में कुल 78 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 10 गैस गोदाम और 68 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। विभिन्न क्षेत्रों—कोटद्वार, दुगड्डा, कोट-खोलाचौरी, चेलूसैंण, पाबौ, धुमाकोट, लैंसडाउन, लक्ष्मणझूला, नौगांवखाल, थलीसैंण और उफरैंखाल में जांच की गई।
पौड़ी में 1 गैस गोदाम और 11 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां अनियमितता पाए जाने पर 3 गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी आपूर्ति में पारदर्शिता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
