बिचली ढ़ांढ़री में बहुउद्देशीय शिविर, 36 शिकायतें दर्ज; अधिकांश का मौके पर निस्तारण
पौड़ी गढ़वाल। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड पौड़ी के बिचली ढ़ांढ़री में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 36 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से 320 पात्र ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया।
शिविर की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही किया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रेषित कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।

खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से आमजन को एक ही स्थान पर योजनाओं का लाभ मिलने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित हो रहा है।
शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, बाल विकास, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि और उद्यान सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ प्रदान किया गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
