पौड़ी

जनपद की रैंकिंग सुधारने को लेकर सीडीओ सख्त, पच्चीस सूत्री कार्यक्रम की प्रगति पर मासिक निगरानी के निर्देश

पौड़ी गढ़वाल। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित वीसी कक्ष में पच्चीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनपद की रैंकिंग सुधारने के लिए लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विभागों को निर्देशित किया कि वे अपना वार्षिक कैलेंडर तैयार कर जिला अर्थ एवं संख्या विभाग को समय से उपलब्ध कराएं, ताकि आगामी वित्तीय वर्ष की योजनाओं का क्रियान्वयन सुव्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से किया जा सके।

सीडीओ गिरीश गुणवंत ने बताया कि पच्चीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत रैंकिंग और नॉन-रैंकिंग दो प्रकार की व्यवस्थाएं लागू हैं। रैंकिंग श्रेणी की योजनाओं का मूल्यांकन मासिक आधार पर किया जाता है, जबकि नॉन-रैंकिंग योजनाओं का आकलन वार्षिक आधार पर होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग रैंकिंग वाली योजनाओं की मासिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को भेजी जाने वाली सभी सूचनाएं त्रुटिरहित, तथ्यपरक और अद्यतन होनी चाहिए, ताकि राज्य स्तर पर जनपद की वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके।

बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड में पच्चीस सूत्री कार्यक्रम राज्य सरकार की प्राथमिक योजनाओं की निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके अंतर्गत गरीबी उन्मूलन, रोजगार सृजन, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पेयजल, कृषि उन्नयन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं की नियमित समीक्षा की जाती है।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, ग्राम पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *