देहरादूनराजनीति

क्षेत्रीय संगठनों के कई नेता यूकेडी में शामिल, 2027 चुनाव से पहले तीसरे विकल्प की चर्चा तेज

देहरादून। उत्तराखंड की क्षेत्रीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। मूल निवास भू कानून समन्वय संघर्ष समिति और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कई प्रमुख लोगों ने आज उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की सदस्यता ग्रहण की।

यूकेडी की सदस्यता लेने वालों में मूल निवास भू कानून समन्वय संघर्ष समिति के संयोजक लुसुन टोडरिया, प्रमोद काला, स्वाभिमान मोर्चा के महासचिव कर्नल देवरानी, स्वाभिमान मोर्चा युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष हिमांशु दिलीप रावत तथा पूर्व सैनिक सुदेश भट्ट समेत कई लोग शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से प्रदेश की जनता क्षेत्रीय विचारधारा को एक मंच पर लाने की बात कर रही थी। इसी के अनुरूप क्षेत्रीय एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े कई लोगों ने यूकेडी का दामन थामते हुए क्षेत्रीय मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि क्षेत्रीय ताकतों के एक झंडे के नीचे आने से प्रदेश में क्षेत्रीय विचारधारा को मजबूती मिल सकती है। ऐसे में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव भी काफी दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।

राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि उत्तराखंड की राजनीति में अब एक तीसरे विकल्प के रूप में क्षेत्रीय दलों की सक्रियता बढ़ सकती है, जिससे आने वाले समय में नए राजनीतिक समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *