डीएम के निर्देश पर गैस गोदाम, पेट्रोल पंप व दुकानों पर छापेमारी, 127 प्रतिष्ठानों की जांच
पौड़ी गढ़वाल, 16 मार्च। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले भर में गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच की गई। अभियान के तहत कुल 127 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 12 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 112 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान कोटद्वार क्षेत्र में 4 गैस गोदाम और 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। वहीं दुगड्डा क्षेत्र में 1 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 11 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा पौड़ी क्षेत्र में 24 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, नैनीडांडा–धुमाकोट क्षेत्र में 1 गैस गोदाम, कोट–खिलाचौरी में 1 गैस गोदाम, चेलूसैंण में 1 गैस गोदाम तथा पाबौ में 1 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 14 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
इसी प्रकार सतपुली में 14 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, लैंसडाउन क्षेत्र में 6 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, लक्ष्मणझूला में 1 गैस गोदाम और 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, नौगांवखाल में 1 गैस गोदाम, 1 पेट्रोल पंप और 14 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा थलीसैंण में 1 गैस गोदाम और 9 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि खाद्य निरीक्षकों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में पेट्रोल पंप, गैस गोदाम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों में घरेलू एलपीजी गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। गैस की आपूर्ति एजेंसियों द्वारा निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट्स और डोर-टू-डोर व्यवस्था के माध्यम से की जा रही है, इसलिए अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
