घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन सख्त, कोटद्वार में 35 सिलेंडर बरामद
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशानुसार जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पूर्ति विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कोटद्वार के लालबत्ती चौराहे पर एक पिकअप वाहन से 20 खाली व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 15 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, बाट-माप निरीक्षक और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर वाहन को पकड़कर सिलेंडरों को जब्त किया। मामले में वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत जिले में कुल 203 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 8 गैस गोदाम, 3 पेट्रोल पंप और 189 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर दो मामलों में 4600-4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया, जबकि दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
श्रीनगर क्षेत्र में सीओ पुलिस अनुज कुमार, तहसीलदार दीपक भंडारी और पूर्ति निरीक्षक विवेक कैन्तुरा की संयुक्त टीम ने एक गैस गोदाम और दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जहां अवैध रूप से उपयोग में लाए जा रहे दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
इसके अलावा पूर्ति विभाग की विभिन्न टीमों ने दुगड्डा, पौड़ी, धुमाकोट, नैनीडांडा, चाकीसैंण, कोट, खोलाचौरी, चैलूसैंण, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, नौगांवखाल, पोखड़ा, थलीसैंण, उफरैंखाल, रिखणीखाल और लक्ष्मणझूला क्षेत्रों में गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर गैस सिलेंडरों के उपयोग की जांच की।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि जनपद पौड़ी गढ़वाल में संचालित सभी गैस एजेंसियों में घरेलू एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति भी सुचारू रूप से चल रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और निर्धारित समयावधि 25 दिन के बाद ही गैस की बुकिंग कराएं।
उन्होंने कहा कि घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग या गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
