पौड़ी

विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत पातल में बहुउद्देश्यीय शिविर, 150 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी गढ़वाल। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत पातल में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मोनिका पांडेय ने जिलाधिकारी का पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने एकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने एक महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, एक को बिटिया की नेम प्लेट तथा एक दिव्यांग को छड़ी भी वितरित की।

शिविर में आयुर्वेदिक, पशुपालन, बाल विकास, कृषि, उद्यान, श्रम, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। जिलाधिकारी ने इन स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से संचालित योजनाओं और लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज एकेश्वर के कक्षा 7 के छात्र मयंक और शौर्य द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का भी अवलोकन कर उनकी सराहना की तथा उन्हें रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

शिविर के दौरान ग्रामवासी ऊषा देवी ने अपने दिव्यांग बेटे का लंबे समय से दिव्यांगता प्रमाण पत्र न बन पाने की समस्या रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को 18 मार्च को वाहन की व्यवस्था कर संबंधित चिकित्सीय प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए शीघ्र प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

प्रकाश चंद्र जदली ने सड़क किनारे स्थित क्षतिग्रस्त पुश्ता (रिटेनिंग वॉल) की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर 30 मार्च तक प्राथमिकता के आधार पर पुश्ता निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

सोलर लाइट की मांग पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही स्वीकृति देते हुए उरेडा अधिकारी को इसी सप्ताह सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए। किसानों द्वारा कीवी के लिए कोल्ड स्टोरेज की मांग उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने क्षेत्र में अनुपयोगी भवनों को चिन्हित कर उनके उपयोग हेतु प्रस्ताव तैयार करने की बात कही।

शिविर में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के धन के गबन की शिकायत पर जांच के निर्देश दिए गए। इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन निर्माण, पीएम किसान निधि की किश्त न मिलने, पेयजल समस्याओं तथा झूलती विद्युत लाइनों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम पंचायतों में पेयजल योजनाओं की जानकारी के लिए वॉल पेंटिंग कराने को भी कहा गया।

तहसील दिवस में उठाई गई रेबीज तथा टिटनेस वैक्सीन की मांग पूरी होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी का आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन को क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने में मदद मिलती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को शिविर में उठी समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत 150 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। साथ ही 27 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। शिविर में कुल 572 लोगों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सेनी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता पेयजल नवनीत कटारिया, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विनोद जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र पांडे, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *