हरिद्वार के शिक्षक ठाठ सिंह को मानद डॉक्टरेट, इंटरनेशनल कर्मश्री अवॉर्ड 2026 में मिला सम्मान
नई दिल्ली/हरिद्वार। जनपद हरिद्वार के विकासखंड नारसन स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, झबरेडी में कार्यरत शिक्षक ठाठ सिंह को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्यों तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के लिए SOCRATES SOCIAL RESEARCH UNIVERSITY TRUST द्वारा मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate – Honoris Causa) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान नई दिल्ली के विश्व युवक केंद्र, चाणक्यपुरी में आयोजित International Karamshree Award 2026 के भव्य समारोह में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रशासनिक, न्यायिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्व मौजूद रहे।
समारोह में आईएएस अधिकारी रंजीत कुमार सिंह, सचिव दिल्ली विधानसभा; विकास सिंह, अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन एवं भारत सरकार के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल; डॉ. अन्नपूर्णा मिश्रा, पूर्व महापौर पूर्वी दिल्ली नगर निगम; डॉ. मनन कौशल, निदेशक भारतीय पर्यटन विकास परिषद तथा पद्मश्री सम्मानित उर्मिला श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि ठाठ सिंह इससे पहले भी प्रतिष्ठित शैलेष मटियानी पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पित प्रयास, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे नवाचार और विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया गया।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षा प्रेमियों ने खुशी जताते हुए इसे जनपद हरिद्वार तथा शिक्षक समाज के लिए गौरव का विषय बताया है।
