रुड़की

एक्सपोर्टिक इंटरनेशनल के संस्थापक आशीष कुमार को मानद डॉक्टरेट से नवाजा गया

धनौरी/रुड़की, 8 मार्च 2026। एक्सपोर्टिक इंटरनैश्नल के संस्थापक एवं निदेशक तथा कोटा मुरादनगर निवासी आशीष कुमार को उनके उत्कृष्ट सामाजिक समर्पण, नवाचारपूर्ण उद्यमिता और अंतरराष्ट्रीय व्यापार विस्तार में उल्लेखनीय योगदान के लिए सोक्रेटिस सोशल रिसर्च यूनिवर्सिटी ट्रस्ट द्वारा रविवार 8 मार्च को मानद डॉक्टरेट (ऑनोरिस काउसा) की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित विश्व युवक केंद्र, चाणक्यपुरी में आयोजित इंटरनेशनल कर्मश्री अवार्ड-2026 के भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में देश के प्रशासनिक, न्यायिक, सामाजिक एवं पर्यटन क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित हस्तियां विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। समारोह में वरिष्ठ आईएएस रंजीत कुमार सिंह (सचिव, दिल्ली विधानसभा), विकास सिंह (अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन एवं पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, भारत सरकार), डॉ. अन्नपूर्णा मिश्रा (पूर्व महापौर, पूर्वी दिल्ली नगर निगम), डॉ. मनन कौशल (निदेशक, भारतीय पर्यटन विकास परिषद) तथा पद्मश्री सम्मानित उर्मिला श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान शिक्षा, समाज सेवा, उद्यमिता और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया।

आशीष कुमार ने भारतीय हस्तशिल्प और गृह सज्जा उत्पादों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में विकसित ई-कॉमर्स आधारित निर्यात मॉडल ने अनेक कारीगरों और लघु विक्रेताओं को वैश्विक बाजार से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य किया है।

पुरस्कार चयन समिति के अनुसार यह सम्मान उनके दूरदर्शी नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और वैश्विक स्तर पर भारतीय उत्पादों की प्रतिष्ठा बढ़ाने के निरंतर प्रयासों की औपचारिक सराहना है।

सम्मान ग्रहण करते हुए आशीष कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि उनके समर्पित प्रयासों के साथ-साथ उनके परिवार, सहयोगियों और समर्थकों के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में भी समाज सेवा तथा वैश्विक व्यापार विस्तार के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।

इस उपलब्धि से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और लोगों ने आशीष कुमार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *