मुनिकीरेती में उत्तराखंड विकास मंच का 15वां होली मिलन समारोह धूमधाम से संपन्न
ऋषिकेश/मुनिकीरेती। उत्तराखंड विकास मंच द्वारा 14 बीघा सब्जी मंडी प्रांगण, मुनिकीरेती में अपना 15वां होली मिलन समारोह हर्षोल्लास और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंच के अध्यक्ष वीरचंद्र रमोला, नगर पालिका मुनिकीरेती की अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु बिजल्वाण, गढ़ भूमि लोक संस्कृति संरक्षण समिति के अध्यक्ष गजेंद्र कंडियाल तथा उपाध्यक्ष घनश्याम नौटियाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह में आमंत्रित हास्य कवि नरेंद्र रयाल ने अपनी व्यंग्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। सतेन्द्र चौहान ने शराब पर व्यंग्य प्रस्तुत किया, वहीं अशोक क्रेजी की क्षणिकाओं ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। भगवती सेमवाल की ‘मेरे घर के आगे जाम’, दिनेश सेमेल्टी की ‘मेरे शहर पर किसकी नजर लगी’, रामकृष्ण पोखरियाल की ‘राफ्टिंग से जाम’, भगत राम बिजल्वाण की ‘मेरे बचपन के दिन’ तथा सुनील थपलियाल की श्रृंगार रस से ओतप्रोत रचनाओं ने माहौल को आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम में वरसाना की होली पर आधारित राधा – कृष्ण की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही उत्तराखंड के लोकगायक विनोद बिजल्वाण और अमन खरोला के लोकगीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
समारोह में प्रसिद्ध समाजसेवी चन्द्रवीर पोखरियाल, भारत भूषण कुकरेती, सुदीप पंच भैया, संजय बडोला, नवीन चंद्रा, भूतपूर्व विधायक ओमगोपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल, पार्षद गजेंद्र सजवान, उक्रांद के पूर्व विधायक प्रत्याशी सरदार सिंह पुंडीर, सुरेंद्र सिंह भंडारी, मुकेश पाठक, मीना मद्धवान, दर्शनी भंडारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने फूलों की होली खेलकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता व सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश दिया।
