पौड़ी

थलीसैंण ब्लॉक के ग्वींठ में रात्रि चौपाल: जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड थलीसैंण के अंतर्गत ग्राम ग्वींठ में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्ण त्रिपाठी ने की।

उपजिलाधिकारी ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाई और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। इस दौरान खेतों की सुरक्षा हेतु तारबाड़, पेंशन संबंधी समस्याएं तथा अन्य स्थानीय मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

चौपाल में दिव्यांग पेंशन से संबंधित पात्र व्यक्तियों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई। उपजिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में पूरा सहयोग प्रदान किया जाए।

ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने गांव का भ्रमण कर स्थानीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ग्रामीणों के साथ भोजन कर रात्रि विश्राम भी किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर समस्याओं को मौके पर सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने अधिकारियों को शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार सुदामा प्रसाद, कानूनगो विजय गुसाईं, आरके प्रमोद पुण्डीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *