पौड़ी

कोट ब्लॉक की बालमणा न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर, 51 शिकायतें हुई दर्ज

पौड़ी। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड कोट की न्याय पंचायत बालमणा में पंचायत भवन जामलाखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 51 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिविर में 529 स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी की, जबकि 165 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर की अध्यक्षता अपर सचिव वित्त खजान चंद्र पांडे ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।

अपर सचिव ने स्थानीय लोगों से अधिकाधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, वन, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, कृषि, उद्यान सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन स्वीकार किए गए एवं समस्याओं का समाधान किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख कोट गणेश कोली, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, अधिशासी अभियंता सिंचाई सचिन शर्मा, खंड विकास अधिकारी कोट शिव सिंह भंडारी, सहायक अभियंता लघु सिंचाई अनिल कुमार त्रिपुरी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *