पौड़ी

जनता मिलन में डीएम का सख्त संदेश: शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, जवाबदेही तय

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में एक दर्जन से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में नई शिकायतों के साथ पूर्व में दर्ज प्रकरणों एवं सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। यमकेश्वर के मोगपुर गांव निवासी रुपेश दत्त शर्मा की भूमि पैमाइश संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी यमकेश्वर को निर्देश दिए गए कि राजस्व टीम शिकायतकर्ता की उपस्थिति में स्थल पर जाकर पैमाइश कर आख्या प्रस्तुत करे। जिलाधिकारी ने राजस्व मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

नगर पालिका वार्ड संख्या-04 निवासी अनिल बहुगुणा द्वारा पाइपलाइन से गंदा पानी प्राकृतिक स्रोत में जाने की शिकायत पर संबंधित विभाग को प्राथमिकता से जांच कर सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल स्रोतों की स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

तहसील पौड़ी के ग्राम तलसारी निवासी सतीश चन्द्र द्वारा चार्जशीट न्यायालय को प्रेषित न किए जाने की शिकायत पर पुलिस विभाग को तत्काल वस्तुस्थिति स्पष्ट करने तथा विधिक प्रक्रियाओं में अनावश्यक विलंब न करने के निर्देश दिए गए।

विद्युत संबंधी शिकायतों में सुरेन्द्र कुमार कठैत की केबल टूटने की समस्या एवं ग्राम डुंगरी निवासी अनिकेत गुसांई द्वारा विद्युत पोल स्थापना संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर जनता को राहत प्रदान की जाए।

ग्राम प्रधान कोठार मनीष कुमार द्वारा चौपाल आयोजन तथा बीरोंखाल के भिडकोट निवासी पवन सिंह की पीआरडी नियुक्ति संबंधी शिकायतों पर भी नियमानुसार परीक्षण कर समयसीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पेयजल, शिक्षा, वन, राजस्व, स्वास्थ्य एवं उरेडा विभाग से संबंधित पूर्व शिकायतों की भी समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

जनता मिलन कार्यक्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *