होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, 13 नमूने जांच को भेजे
पौड़ी। होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में मिलावटखोरी के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। सोमवार को पौड़ी नगर क्षेत्र में दूध एवं दुग्ध उत्पाद, मिठाई, सरसों तेल और जूस सहित कुल 13 नमूने लेकर राजकीय खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए।

निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) पी.सी. जोशी ने बताया कि प्रातः बाहरी क्षेत्रों से आने वाले दूध एवं दुग्ध पदार्थों के वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान आनंदा तथा मदर डेयरी के दूध एवं पनीर के नमूने गुणवत्ता परीक्षण हेतु भेजे गए। साथ ही नगर की विभिन्न मिठाई दुकानों से भी नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला भेजे गए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत यदि कोई नमूना मानक के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि गत माह खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल द्वारा ‘जय श्री’ ब्रांड सरसों तेल का नमूना निगरानी जांच हेतु भेजा गया था, जो मानक के अनुरूप नहीं पाया गया। उक्त प्रकरण में विधिक कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत अपर जिलाधिकारी न्यायालय में वर्तमान में 41 वाद विचाराधीन हैं, जिनमें से तीन मामलों में न्यायालय द्वारा संबंधित खाद्य कारोबारियों पर 30-30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जा चुका है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि त्योहारों के दौरान यह सैंपलिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा सहित विभागीय टीम उपस्थित रही।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
