पौड़ी

राष्ट्र की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी, मेडिकल छात्र भी अहम भागीदार : सीडीएस

श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में जनरल अनिल चौहान का प्रेरक संबोधन

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर स्थित मेडिकल कॉलेज में देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान के आगमन पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनरल चौहान ने प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत तथा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

अपने संबोधन में जनरल अनिल चौहान ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा केवल सैनिकों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नागरिक खतरों की पहचान कर संबंधित तंत्र तक जानकारी पहुंचाते हैं, राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करते हैं तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने मेडिकल छात्रों को समाज का स्वास्थ्य रक्षक बताते हुए कहा कि आपदा, महामारी एवं आपात परिस्थितियों में उनकी भूमिका सीधे राष्ट्रसेवा से जुड़ी होती है। इस प्रकार वे भी राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सुरक्षा का स्वरूप जटिल हो चुका है और खतरे पारंपरिक सैन्य सीमाओं से आगे बढ़कर साइबर, आर्थिक, तकनीकी एवं जैविक क्षेत्रों तक विस्तारित हो गए हैं।

सीडीएस ने राष्ट्र-राज्य की अवधारणा को भूमि, जनसमूह, विचारधारा एवं संस्थाओं पर आधारित बताते हुए वैश्वीकरण एवं तकनीकी परिवर्तन के प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैज्ञानिक अनुकूलन के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि परिवर्तन के अनुरूप स्वयं को ढालना ही प्रगति का आधार है।

उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्रवाई आतंकी ढांचों को लक्षित कर नई सामान्य स्थिति स्थापित करने की दिशा में उठाया गया ठोस कदम था। उन्होंने कहा कि जागरूक और सशक्त नागरिक ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थी राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सीडीएस के मार्गदर्शन से छात्र-छात्राओं को नई प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस के अनेक छात्र सेना में सेवाएं देने के इच्छुक रहते हैं, ऐसे में यह संवाद उनके लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने जनरल चौहान का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी गरिमामयी उपस्थिति से संस्थान गौरवान्वित हुआ है और छात्रों को राष्ट्र सेवा की दिशा में नई ऊर्जा मिली है।

कार्यक्रम के उपरांत सीडीएस ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा स्मृति-चित्र भी लिए। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी अनुपमा चौहान का भी स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दीपा हटवाल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज की समस्त फैकल्टी, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *