पौड़ी

बनचूरी में ‘जन-जन के द्वार’ शिविर सफल

40 शिकायतों का पंजीकरण, 182 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिला

पौड़ी गढ़वाल। विकासखंड यमकेश्वर की न्याय पंचायत बनचूरी में शनिवार को ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया तथा पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ा गया।

शिविर में कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं। संबंधित विभागों की सक्रियता के चलते अधिकांश शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु दर्ज किया गया। विभिन्न योजनाओं के तहत 182 लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया गया। कार्यक्रम में 456 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और विभागीय स्टॉलों से जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे ग्रामीणों को तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन योजनाओं की जानकारी, बाल विकास विभाग द्वारा पोषण योजनाओं का पंजीकरण, राजस्व विभाग द्वारा प्रमाण पत्र सेवाएं, पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड संबंधी समस्याओं का समाधान सहित कुल 23 विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, जिला पंचायत सदस्य कविता डबराल व बच्चन सिंह बिष्ट, अधिशाषी अभियंता जल निगम आशीष मिश्रा, एडीओ पंचायत दिनेश रावत सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *