पौड़ी

नगर निगम बनने से श्रीनगर को मिला विकास का नया आयाम: कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर नगर निगम के एक वर्ष पूर्ण होने पर मेयर, पार्षदों एवं नगर निगम परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रीनगर नगर निगम का गठन लंबे संघर्षों के बाद संभव हो पाया है और यह शहर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। नगर निगम बनने के बाद शहर को अधिक बजट उपलब्ध हो रहा है, जिससे विकास कार्यों को नई गति मिली है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नगर निगम के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक ही दिन में कुल छह कार्यक्रम संपन्न कराए गए। इनमें रजत जयंती पार्क एवं महादेव पार्किंग का लोकार्पण, धारी देवी साइन ग्लो बोर्ड का उद्घाटन, गौशाला के समीप एबीसी सेंटर (एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर) का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग केंद्र का शिलान्यास तथा वाल्मीकि चौक निर्माण का भूमि पूजन भी किया गया।

उन्होंने कहा कि श्रीनगर में कूड़ा निस्तारण लंबे समय से एक गंभीर समस्या बनी हुई थी। इसके समाधान के लिए नया डंपिंग जोन चयनित किया गया है, जिस पर लंबे संघर्ष के बाद सहमति बनी। चयनित स्थल पर ट्रेचिंग ग्राउंड की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिससे नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि नए पार्क के पीछे नदी के कटाव से क्षेत्र में खतरा बना हुआ है। इसे रोकने के लिए 16 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के समय श्रीनगर का बजट सीमित था, जबकि नगर निगम बनने के बाद बजट में वृद्धि हुई है, जिससे बड़े विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि नगर निगम के नए कार्यालय के लिए डीपीआर पर कार्य चल रहा है, जिसके पूर्ण होते ही धनराशि जारी की जाएगी। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में अब तक अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। इस वर्ष अब तक 10 गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि पूरी विधानसभा में कुल 2900 आवासों का निर्माण कराया जा चुका है।

कैबिनेट मंत्री ने पार्षदों से अनुरोध किया कि जिन स्थानों पर बिजली की लाइनें घरों के ऊपर से गुजर रही हैं, उनकी सूची उपलब्ध कराएं ताकि लाइन शिफ्टिंग एवं कनेक्शन सुधार का कार्य शीघ्र कराया जा सके। उन्होंने बताया कि अलकेश्वर घाट के पुनर्निर्माण कार्य की शुरुआत जल्द भूमि पूजन के साथ की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अब तक 27 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। सरकार ने प्रदेशभर में 50 रजत जयंती पार्क बनाने की घोषणा की है। साथ ही श्रीनगर में घर-घर 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए 70 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की जाएगी, जबकि पौड़ी जनपद के लिए 60 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं भी स्वीकृत की जाएंगी।

इस अवसर पर नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती भंडारी, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *