पौड़ी

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत यमकेश्वर में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल) जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड यमकेश्वर की न्याय पंचायत गैंड में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर में कुल 35 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को विभागवार सूचीबद्ध कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही शिविर में 183 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 508 लोगों ने प्रतिभाग किया।

स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत अब सरकार स्वयं गांव तक पहुंच रही है, जिससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक और तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं।

शिविर में पेयजल सचिव रणबीर सिंह चौहान ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन पर प्रदेश की प्रत्येक न्याय पंचायत में इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ उनके गांव के समीप ही मिल सके और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण हो।

अपर सचिव गिरधारी सिंह ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सीता चौहान, जिला पंचायत सदस्य गीता पयाल, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, नोडल अधिकारी शिविर एवं जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, कानूनगो सत्यपाल चौहान, राजस्व उपनिरीक्षक अतुल बलोधी, विजय सिंह चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *