थलीसैंण में ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के तहत 12वीं की छात्राओं का शैक्षिक भ्रमण, “लंच विद एसडीएम” पहल से मिला परीक्षा मार्गदर्शन
थलीसैंण/पौड़ी गढ़वाल। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विकासखंड थलीसैंण में 12वीं कक्षा की छात्राओं के लिए शैक्षिक भ्रमण एवं परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी ने छात्राओं के साथ आगामी बोर्ड परीक्षा को लेकर सार्थक संवाद किया। छात्राओं द्वारा विषय चयन, तैयारी की रणनीति एवं परीक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका उप जिलाधिकारी ने सरल, प्रेरक एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया। कार्यक्रम की विशेष पहल के रूप में “लंच विद एसडीएम” की शुरुआत की गई, जिसके अंतर्गत छात्राओं ने उप जिलाधिकारी के साथ दोपहर का भोजन किया। इस पहल का उद्देश्य प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच संवाद, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा का सशक्त मंच विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत एवं सुपरवाइजर बबीता चौहान द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग से शालिनी बलोधी, पंचायती राज विभाग से संतोष सिंह रावत व ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम्य विकास से रोहित पवार, एनआरएलएम से पंकज जयाड़ा, मनरेगा से योगेश सिंह रावत, स्थापना से नवीन तोमर तथा लेखा विभाग से राकेश कुमार द्वारा अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं दायित्वों की जानकारी छात्राओं को प्रदान की गई।
खंड विकास अधिकारी टीकाराम कोटियाल ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात छात्राओं को तहसील भ्रमण कराया गया, जहां तहसीलदार एवं राजस्व उप निरीक्षक द्वारा राजस्व से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही उप जिलाधिकारी के प्रशासनिक एवं न्यायिक दायित्वों से भी छात्राओं को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जीआईसी थलीसैंण से शैलजा, कोमल, सुषमा एवं नेहा, जीआईसी गंगाऊ से आस्था एवं अल्का तथा पीएम श्री बगवाड़ी से गीता एवं श्वेता ने प्रतिभाग किया।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
