देहरादून

पत्रकार एवं राज्य आंदोलनकारी स्व. राजेन टोडरिया की 13वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून। आज पत्रकार एवं उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्व. राजेन टोडरिया की 13वीं पुण्यतिथि के अवसर पर कचहरी स्थित शहीद स्थल पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन और योगदान को स्मरण किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति, पहाड़ स्वाभिमान सेना, पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति, जय संविधान संगठन एवं नेताजी संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने स्व. राजेन टोडरिया के पत्रकारिता जीवन, उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका तथा जनसरोकारों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. टोडरिया ने अपने संपूर्ण जीवन में उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पर निर्भीक और जनपक्षीय पत्रकारिता की। उन्होंने न केवल लेखनी के माध्यम से, बल्कि विभिन्न जनआंदोलनों का नेतृत्व कर पहाड़ और जनता के हितों के लिए मुखर होकर आवाज़ उठाई। उनका संघर्षशील जीवन समाज और विशेषकर नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप चमोली, अधिवक्ता नवनीत कुकरेती, हरिंदर बेदी, कृतिवर्धन बिष्ट, अजय तड़ियाल, नमन चंदोला, राज्य आंदोलनकारी प्रभात डंडरियाल, मोहन खत्री, राजेंद्र हटवाल, राकेश नेगी, प्रमोद काला एवं पंकज उनियाल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार साथी एवं परिजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *