श्रीनगर तहसील दिवस में जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण, डीएम ने दिए मौके पर समाधान के निर्देश
श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को श्रीनगर तहसील में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने की। इस अवसर पर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों को मौके पर ही अथवा शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि सेमला गांव में पेयजल समस्या से संबंधित शिकायत पर जल निगम द्वारा शीघ्र स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा तथा तकनीकी समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। वहीं नकोट गांव में जल भंडारण टैंक की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। देहलचौरी रोड पर क्षतिग्रस्त पुश्ते एवं स्कपर से जुड़ी शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को मरम्मत एवं सुधार कार्य के निर्देश दिए गए हैं।
श्रीनगर क्षेत्र में खुले में कूड़ा फेंके जाने की शिकायत पर नगर निगम को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने एवं दोषियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं तथा पार्षदों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सीवर लाइन का पानी सड़कों पर बहने की शिकायत पर नगर निगम द्वारा सुधारात्मक कार्य शुरू किए जाएंगे, वहीं सड़कों पर निर्माण सामग्री व मलबा रखने की शिकायत पर पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी एवं चालानी कार्रवाई की जाएगी।
धारी देवी पहुंच मार्ग से संबंधित सुरक्षा कार्यों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही धारी देवी क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान हेतु पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां स्थायी पार्किंग का निर्माण मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल है तथा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के अंतर्गत विद्युत व्यवस्था, लाइटिंग और रोड साइनेज से जुड़े कार्य प्रक्रियाधीन हैं।
सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर उपजिलाधिकारी को मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए। रेलवे से क्षतिग्रस्त भवनों में जल बिल आने की शिकायत पर जल संस्थान को परीक्षण कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं नालियों के अंडरग्राउंड निर्माण से संबंधित मामलों में राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नगर निगम द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से कार्रवाई की जा रही है, ताकि समस्याओं का स्थायी एवं प्रभावी समाधान हो सके। साथ ही निस्तारण की प्रगति से आवेदकों को समयबद्ध रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी-छोटी आवश्यकताओं को जिला योजना में सम्मिलित कर समय पर पूर्ण किया जाए।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने बताया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई जारी है और नियमित समीक्षा की जा रही है।
इस अवसर पर डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, अधिशासी अभियंता एनएच राजीव चौहान, जिला बाल विकास अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई मुकेश दत्त, जिला शिक्षा अधिकारी रणजीत सिंह नेगी, सहायक निबंधक सहकारिता सौरभ कुमार, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
