जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: खंदूखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर, 155 ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ
पौड़ी गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड कोट की न्याय पंचायत दैल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज खंदूखाल में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता एसडीओ सिविल एवं सोयम राखी जुयाल ने की।

शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 21 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 07 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से 155 लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 19 ग्रामीणों के विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने हेतु आवेदन पत्र भरवाए गए।
इस अवसर पर एसडीओ सिविल सोयम राखी जुयाल ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य सरकार को सीधे जनता तक पहुँचाना है। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से न केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, बल्कि पात्र लाभार्थियों को त्वरित लाभ भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी एवं अधिशासी अभियंता पेयजल निगम सुभाष भट्ट ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, जिला सहकारिता, पंचायतीराज, कृषि, उद्यान, खाद्य पूर्ति, राजस्व विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख गणेश कोहली, कनिष्ठ प्रमुख अनिल गुसाईं, प्रधान संगठन अध्यक्ष हिम्मत सिंह नेगी, खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी, खंड शिक्षा अधिकारी मास्टर आदर्श, उप शिक्षा अधिकारी भारती गैरोला, एई लघु सिंचाई अनिल कुमार, एएई सिंचाई प्रशांत चौहान, समन्वयक धर्मवीर सिंह नेगी, मंडल अध्यक्ष रमेश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
