पौड़ी

शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन, जिलेभर में दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि

पौड़ी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं शहीद दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम में शहीद भारत की महान विभूतियों की स्मृति में जिला मुख्यालय सहित समस्त तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिला मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल सहित जिला कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा उनके सत्य, अहिंसा एवं राष्ट्र सेवा के आदर्शों को स्मरण किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीद केवल आज़ादी के नायक ही नहीं थे, बल्कि वे मानवता, सत्य और अहिंसा के प्रतीक भी थे। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। समाज में शांति, सहिष्णुता और नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए गांधी जी के सिद्धांतों को अपने आचरण में अपनाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आगे कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले सभी शहीदों के त्याग को स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना हम सभी का दायित्व है।

शहीद दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के समस्त कार्यालयों सहित जनपद की सभी तहसीलों एवं ब्लॉक मुख्यालयों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता संग्राम एवं राष्ट्रीय एकता विषय पर भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन कर शहीदों के विचारों एवं बलिदान को नमन किया गया।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *