पौड़ी

वजली गांव से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ, 26 जनवरी से 26 फरवरी तक चलेगा जनपदव्यापी अभियान

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में 26 जनवरी से 26 फरवरी तक संचालित होने वाले विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ विकासखंड पौड़ी के वजली गांव से किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा स्वयं सफाई अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जनपद के सभी 15 विकासखंडों में नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं तथा प्रत्येक विकासखंड में कूड़ा वाहन तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सूखे कूड़े के निस्तारण हेतु सभी विकासखंडों में कॉम्पैक्टर स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से कूड़े का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण कर पुनः उपयोग किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थलों, बाजारों एवं बल्क वेस्ट वाले क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की गई है तथा अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्रों की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी नियमित कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की जाए और ग्राम प्रधानों को इस अभियान से जोड़ा जाए, ताकि 26 फरवरी के बाद भी स्वच्छता व्यवस्था निरंतर प्रभावी बनी रहे।

वजली गांव के समीप आयोजित वृहद् स्वच्छता अभियान में जिलाधिकारी, जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की। इसके पश्चात जिलाधिकारी ने वजली गांव में स्थापित कॉम्पैक्टर मशीन का निरीक्षण किया तथा कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को नियमित एवं सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों को वर्दी भी वितरित की।

जिलाधिकारी ने खाण्ड्यूंसैंण क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की स्थिति का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां नालियों में कूड़ा डाला जा रहा है, वहां से तत्काल कूड़ा हटाया जाए और भविष्य में कूड़ा न डाले जाने के लिए जाली लगाने की व्यवस्था की जाए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला ने कहा कि स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा जब इसमें गांव-गांव की सहभागिता सुनिश्चित होगी। स्वच्छता को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। वहीं स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता न रहकर स्थायी व्यवस्था बने और इसके लिए जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त नगर पंचायत थलीसैंण में गणतंत्र दिवस के अवसर पर बस स्टेशन परिसर एवं आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें लगभग 500 किलोग्राम सूखा एवं मिश्रित कूड़ा एकत्र किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष वीरा देवी द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानित किया गया तथा पर्यावरण मित्रों को ट्रैक सूट एवं जूते प्रदान किए गए। जनपद के सभी विकासखंडों, नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, पीडी स्वजल दीपक रावत, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, निबंधक सहकारिता सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *