पौड़ी

कंडोलिया मैदान में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ली परेड की सलामी

पौड़ी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कंडोलिया मैदान, पौड़ी में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में आमजन और स्कूली बच्चों की व्यापक सहभागिता ने उत्साह, ऊर्जा और जनजागरण का सशक्त संदेश दिया।

इससे पूर्व जिलाधिकारी ने प्रातः 9:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने पुलिस लाइन, अपर आयुक्त गढ़वाल मंडल उत्तम सिंह चौहान ने आयुक्त कार्यालय तथा मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त तहसीलों, विकासखंडों एवं सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि गणतंत्र के 77वें वर्ष में प्रवेश के साथ आत्ममंथन आवश्यक है कि अब तक क्या उपलब्धियाँ प्राप्त हुईं और आगे किन लक्ष्यों को हासिल करना है। उन्होंने ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशासन को मानव-केंद्रित बनाना होगा, ताकि आमजन के कार्य समय पर पूर्ण हों और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।

कंडोलिया मैदान में आयोजित समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में एएसपी संचार अनूप काला ने जिलाधिकारी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा परेड का नेतृत्व किया। जिलाधिकारी ने परेड एवं विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों का निरीक्षण कर सलामी ली।

विभिन्न विभागों की झांकियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रीनगर के मार्शल स्कूल द्वारा मशकबीन की धुन पर प्रस्तुत ‘बेड़ू पाको बारामासा’ ने पर्वतीय संस्कृति की मनोहारी झलक प्रस्तुत की। झांकी प्रतियोगिता में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को लगातार दूसरी बार प्रथम, ग्राम्य विकास विभाग को द्वितीय तथा वन विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने पौड़ी को संघर्षों की ऐतिहासिक धरती बताते हुए यहाँ गणतंत्र दिवस मनाने को गर्व का विषय बताया। अगस्त माह में आई आपदा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के समन्वय से त्वरित राहत कार्य कर चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया गया।

जिलाधिकारी ने दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं के साहस, परिश्रम और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हैं तथा पिरूल वैल्यूएशन, कृषि, नर्सरी एवं मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने “जन-जन की सरकार” कार्यक्रम के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनपद में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है, जो जनसहयोग से और अधिक सशक्त होती है।

कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने सीडीएस पार्क में देश के प्रथम सीडीएस जनरल बिपिन रावत की मूर्ति पर तथा कंडोलिया स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *