नर्मदेश्वर महादेव पर आधारित नया भजन जल्द होगा रिलीज, 31 जनवरी को ग्राम बमोली (सल्क्वा डांडा) में विशाल भंडारे का आयोजन
द्वारीखाल/पौड़ी। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, शिवभक्ति और सामाजिक चेतना को समर्पित एक नया भजन शीघ्र ही श्रोताओं के बीच आने जा रहा है। लोकगायक राकेश टम्टा एवं आत्मप्रकाश बमोला के संयुक्त प्रयास से तैयार यह भजन नर्मदेश्वर महादेव पर आधारित है। भजन की रचना सामाजिक सरोकारों से जुड़े निर्माता विनोद बिष्ट द्वारा की गई है, जो समय-समय पर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।

यह भजन उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक आत्मप्रकाश बमोला के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से रिलीज किया जाएगा। भजन के माध्यम से शिवभक्ति के साथ-साथ क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को भी व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि नर्मदेश्वर महादेव का प्राचीन एवं दर्शनीय मंदिर बमोली गांव के ऊपर स्थित सल्कवा डांडा नामक स्थल पर विराजमान है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
इसी क्रम में आगामी 31 जनवरी को नर्मदेश्वर महादेव मंदिर परिसर, ग्राम बमोली में विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। इस भंडारे का आयोजन उमेश्वर रावत द्वारा किया जाएगा, जिसमें समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रीय जनता श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता करेगी। यह भंडारा प्रतिवर्ष एकादशी के पावन अवसर पर परंपरागत रूप से आयोजित किया जाता है।
भजन के शीघ्र रिलीज होने और भंडारे के आयोजन से क्षेत्र में शिवभक्ति का माहौल और अधिक प्रबल हो गया है। श्रद्धालुओं एवं लोकसंगीत प्रेमियों में इस भजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
