ऋषिकेशपौड़ी

ऋषिकेश–नीलकंठ मोटर मार्ग पर पहाड़ी कटान से तीसरे दिन भी जाम, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

ऋषिकेश/पौड़ी। ऋषिकेश–नीलकंठ मोटरमार्ग पर गरुचट्टी के पास उस स्थान पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से पहाड़ी कटान का कार्य चल रहा है, जहां बरसात के दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा टूटने से सड़क का कुछ भाग बह गया था। इस हादसे में एक ट्रक दो व्यक्तियों के साथ गंगा नदी में समा गया था। उसी संवेदनशील स्थान पर चल रहे कार्य के कारण लगातार तीसरे दिन भी पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

 

जाम के चलते श्रद्धालु, पर्यटक और रोजमर्रा के यात्री घंटों सड़क पर फंसे रहे। सबसे अधिक दिक्कत बीमार लोगों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ी। लंबे इंतजार और आवश्यक सुविधाओं के अभाव में लोगों में खासा आक्रोश भी देखने को मिला।

स्थानीय जनता ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा सड़क पर पहाड़ी कटान के कार्य को लेकर पहले से कोई स्पष्ट सूचना जारी नहीं की गई कि यह कार्य कब से कब तक चलेगा। सूचना के अभाव में आमजन बिना तैयारी के मार्ग पर निकल रहे हैं और घंटों जाम में फंसकर भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्य की जानकारी और यातायात संबंधी दिशा-निर्देश दिए जाते, तो यात्रियों को इस तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *