पौड़ी

निरीक्षण समिति ने संप्रेषण गृह व दत्तक ग्रहण अभिकरण का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं पाई गईं संतोषजनक

पौड़ी गढ़वाल। जिला निरीक्षण समिति द्वारा राजकीय संप्रेषण गृह (किशोर) गडोली एवं राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान समिति के अध्यक्ष एवं अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने संस्थान परिसर का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, आवासीय सुविधाएं, भोजन व्यवस्था, अध्ययन एवं मनोरंजन से संबंधित व्यवस्थाओं को संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाया गया। अपर जिलाधिकारी ने बच्चों के लिए उपलब्ध अध्ययन सामग्री, खेलकूद एवं मनोरंजन सुविधाओं की सराहना की।

अपर जिलाधिकारी ने जिला परिवीक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि संस्थान की लाइब्रेरी में बच्चों के बौद्धिक विकास हेतु अतिरिक्त पुस्तकें, विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, उपलब्ध कराई जाएं ताकि बच्चों को भविष्य की बेहतर तैयारी के अवसर मिल सकें।

इसके उपरांत जिला निरीक्षण समिति द्वारा चाइल्डलाइन/हेल्पलाइन 1098 एवं जिला बाल संरक्षण कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बच्चों से संबंधित मामलों की फाइलों की जांच, कार्यवाही का प्रबंधन, फॉलो-अप प्रक्रिया एवं अन्य प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। समिति ने समस्त कार्यवाही को नियमों के अनुरूप एवं संतोषजनक पाया तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

जिला निरीक्षण समिति ने निर्देश दिए कि जिला परिवीक्षा कार्यालय के अंतर्गत संचालित सभी संस्थानों में बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, पुनर्वास एवं सर्वांगीण विकास से जुड़ी सेवाओं की गुणवत्ता निरंतर बनाए रखी जाए तथा समय-समय पर प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, मनोचिकित्सक डॉ. आशीष गुसाईं, सामाजिक कार्यकर्ता अरुण, संरक्षण अधिकारी सागर लिंगवाल, एमओआईसी डॉ. पंकज सिंह सहित बाल कल्याण समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *