बमोली प्रीमियर लीग: पुल्यासू इलेवन का जलवा, छतरी क्लब चैलूसैंण को 75 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश
द्वारीखाल। बमोली प्रीमियर लीग में सेमीफाइनल का दूसरा मुकाबला पुल्यासू इलेवन और छतरी क्लब चैलूसैंण के बीच खेला गया। इस मुकाबले में पुल्यासू इलेवन ने विस्फोटक बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी का शानदार नमूना पेश करते हुए छतरी क्लब चैलूसैंण को 75 रनों से करारी शिकस्त दी और टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पुल्यासू इलेवन ने 12 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 203 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम ने करीब 19.9 रन प्रति ओवर की तूफानी रन गति से विपक्षी गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया।
टीम की इस यादगार पारी में सिमी ने मात्र 18 गेंदों में 4 चौके और 8 छक्कों की मदद से 69 रन जड़कर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
वहीं गौरव ने 30 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों के साथ 69 रन बनाए, जबकि शैलेश ने सिर्फ 17 गेंदों में 8 छक्कों की बदौलत 56 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया। टीम को 5 रन अतिरिक्त भी मिले।
छतरी क्लब चैलूसैंण की ओर से गेंदबाजी में अजय ने 25 रन देकर 1 विकेट, पोलार्ड ने 49 रन देकर 1 विकेट हासिल किया, जबकि प्रशांत ने बिना विकेट लिए 29 रन खर्च किए।
203 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी छतरी क्लब चैलूसैंण की टीम दबाव में आ गई और 9 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। टीम की ओर से लक्की ने 37 गेंदों में 71 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा दलजीत ने 19 गेंदों में 26 रन और यत्ती ने 6 गेंदों में 11 रन बनाए।
पुल्यासू इलेवन की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावी रही। साहिल ने 3 ओवर में 24 रन, गौरव ने 2 ओवर में केवल 9 रन और अमन ने 2 ओवर में 15 रन देकर विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। अंततः पुल्यासू इलेवन ने यह मुकाबला 75 रनों से जीत लिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए गौरव को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
अब फाइनल मुकाबला 15 जनवरी को मोहन बागी बनाम पुल्यासू इलेवन। जहां एक बार फिर चौकों-छक्कों की गूंज से मैदान गरमाने की पूरी उम्मीद है।
