पौड़ी

नौगांव में ‘जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार’ शिविर आयोजित, डीएम स्वाति एस भदौरिया ने मौके पर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत नौगांव में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया का ग्रामीण महिलाओं द्वारा पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। जिलाधिकारी की उपस्थिति से ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। पंचायती राज, समाज कल्याण, वन, बाल विकास सहित अन्य विभागों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और जनोन्मुखी क्रियान्वयन पर जोर दिया। इस अवसर पर बालिका नवनीता को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा बालिका यशिता का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायती राज विभाग द्वारा निर्मित लर्निंग सेंटर का उद्घाटन किया और ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह से केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही सीएससी केंद्र का निरीक्षण कर डिजिटल सेवाओं के माध्यम से ग्रामीणों को मिल रहे लाभों की सराहना की।

शिविर में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए कई मामलों में मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। आयुर्वेदिक अस्पताल में दवाइयों की कमी, जोगीमढ़ी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन, जोगीमढ़ी से कालिंका मंदिर तक मोटर मार्ग निर्माण, दिव्यांग बालिका का प्रमाण पत्र, राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्याएं, विद्युत, सड़क, वन्यजीवों से संबंधित शिकायतों सहित विभिन्न मामलों पर संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए। गुलदार की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग को ट्रैप कैमरा एवं पिंजरा लगाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की 115 न्याय पंचायतों में 18 दिसंबर से 18 मार्च तक बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में दर्ज प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

नौगांव में आयोजित शिविर में कुल 83 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर किया गया। शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से 74 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 395 लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नेहा नेगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, नोडल अधिकारी एवं संभागीय परिवहन अधिकारी विमल पाण्डे, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान नौगांव ओमपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *