द्वारीखालपौड़ी

द्वारीखाल की शिक्षिका हेमलता बलूनी ‘आइडियल टीचर अवॉर्ड’ से सम्मानित

द्वारीखाल/पौड़ी गढ़वाल। डॉ. यादवेंद्रनाथ मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा संचालित “उद्घोष: शिक्षा का नया सवेरा” के तत्वावधान में पंचम अखिल भारतीय शैक्षिक विमर्श एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन हरिद्वार जनपद के रूड़की स्थित शैफील्ड स्कूल में भव्य रूप से किया गया। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का मुख्य विषय “कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के युग में मूल्य आधारित शिक्षा एवं शिक्षकों की बदलती भूमिका” रहा, जिसमें देशभर से शिक्षाविदों, शिक्षकों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने सहभागिता की।

इस गरिमामय समारोह में पीएम श्री आदर्श राजकीय प्राथमिक विद्यालय, बमोली, विकास खण्ड द्वारीखाल में कार्यरत शिक्षिका हेमलता बलूनी को उनके उत्कृष्ट शैक्षिक योगदान के लिए ‘आइडियल टीचर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। सम्मान की सूचना मिलते ही द्वारीखाल क्षेत्र सहित पूरे पौड़ी जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई।

आयोजकों ने शिक्षिका हेमलता बलूनी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पित सेवा भाव, शैक्षिक नवाचार, रचनात्मक एवं सृजनात्मक गतिविधियाँ, कुशल नेतृत्व तथा कर्मनिष्ठ कार्यशैली से न केवल विद्यालय, बल्कि समाज भी निरंतर लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता दी है।

समारोह में वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि AI के युग में शिक्षक की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, संस्कारों एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना शिक्षकों का प्रमुख दायित्व है। ऐसे शैक्षिक विमर्श और सम्मान समारोह शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक परिवर्तन लाने में सहायक होते हैं।

हेमलता बलूनी को मिले इस राष्ट्रीय सम्मान पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे द्वारीखाल क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। लोगों ने विश्वास जताया कि यह सम्मान अन्य शिक्षकों को भी नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में प्रेरित करेगा।

सम्मान प्राप्त करने पर हेमलता बलूनी ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, साथी शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को देते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *