पौड़ी

मुख्यमंत्री धामी कल करेंगे पौड़ी दौरा, विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण और कंडोलिया महोत्सव का उद्घाटन

पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 15 जून को जनपद पौड़ी गढ़वाल के भ्रमण पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री श्रीनगर रोड स्थित नव निर्मित विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे तथा रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करेंगे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए प्रत्येक व्यवस्था का सतत अनुश्रवण करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान आमजन और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनपद मुख्यालय में उत्साह का माहौल है। कंडोलिया महोत्सव और विज्ञान संग्रहालय के लोकार्पण कार्यक्रम को जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *