जिलेभर में अतिक्रमण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, कई क्षेत्रों से हटाए गए अवैध कब्जे
पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में विभिन्न तहसीलों में राजस्व अभिलेखों के सत्यापन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
यमकेश्वर क्षेत्र में गरुड़ चट्टी से लक्ष्मणझूला तक चलाए गए विशेष अभियान में सार्वजनिक भूमि और मार्ग क्षेत्र से 13 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। वहीं लैंसडाउन तहसील के सुराड़ी गांव में राजकीय भूमि पर किए गए दो अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को मूल स्वरूप में बहाल किया गया।

दुगड्डा बाजार में राष्ट्रीय राजमार्ग-534 के किनारे सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें पूर्व में चिन्हित अतिक्रमणों को हटाया गया। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में भी प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 अस्थायी अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त किया।
नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा पोस्ट ऑफिस से बस स्टेशन तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों को हटाया गया। इसके अलावा रिखणीखाल तहसील के ग्राम जामरी में राजस्व भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को भी हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को नियमित निरीक्षण, राजस्व भूमि का भौतिक सत्यापन और नए अतिक्रमणों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि जनहित की संपत्ति है और इसके संरक्षण के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
