गंगोत्री से गंगा सागर तक योग का संदेश, परमार्थ निकेतन में होगा विशेष आयोजन
ऋषिकेश। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 14 जून को ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन के पावन गंगा घाट पर “गंगोत्री से गंगा सागर” विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में 500 से अधिक योग साधकों, अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पाण्डेय ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन परमार्थ निकेतन एवं आयुष मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा गंगा तट से देश-दुनिया तक योग का संदेश पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे होगा। इसके बाद सुबह 6:45 बजे से 7:30 बजे तक कॉमन योगा प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधक भाग लेंगे। योग सत्र के उपरांत निर्देशित ध्यान (गाइडेड मेडिटेशन) का भी आयोजन किया जाएगा।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेने और योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
योग दिवस के तहत आयोजित यह कार्यक्रम गंगा तट से स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
