यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा पौड़ी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
पौड़ी। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा रविवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के सभी 26 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं निगरानी की पुख्ता व्यवस्थाएं की गई थीं तथा सभी केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई थी।

अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल 8,590 अभ्यर्थियों को आवंटित किया गया था। इनमें से 3,587 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 5,003 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जनपद में कुल उपस्थिति 41.75 प्रतिशत दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि आयोग एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ाई से अनुपालन कराया गया। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों द्वारा केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था, नकल अथवा अनुचित साधनों के प्रयोग की सूचना प्राप्त नहीं हुई। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल तथा परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से परीक्षा निर्विघ्न रूप से संपन्न कराई जा सकी।
